आजमगढ़ में शादी से पहले बड़ी चोरी: चार घरों को बनाया निशाना, तिलक के ₹1 लाख समेत लाखों के जेवर पार
1 min read
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के चांदपुर हरिजन बस्ती में 22-23 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए चार घरों को निशाना बनाया। इस घटना में एक परिवार की बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। चोर तिलक के लिए रखे गए ₹1 लाख नगद समेत लाखों रुपये के जेवरात और सामान चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार, चोर घरों के पीछे के रास्ते छत पर चढ़े और सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतर गए। सीढ़ियों पर दरवाजा न होने का फायदा उठाकर वे आसानी से घरों में दाखिल हो गए और रातभर सामान खंगालते रहे। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित जगदीश राम पुत्र बलदेव राम ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय है और 25 अप्रैल को तिलक जाना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन चोरों ने बक्से की कुंडी तोड़कर दो सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, नथुनी, मीना, कान का झाला, चांदी के आभूषण, नई साड़ियां और ₹1 लाख नगद चोरी कर लिया। उन्होंने भावुक होकर बताया कि इस पैसे की जानकारी सिर्फ उन्हें और उनकी पत्नी को थी, अब तिलक कैसे होगा, यही चिंता सता रही है। चोरों ने उनके भाई श्रीनाथ के घर से एंड्रायड मोबाइल, ₹1500 नगद और चांदी के आभूषण भी पार कर दिए। वहीं कमला राम के घर में भी चोरों ने जमकर हाथ साफ किया, जहां शादी में आई उनकी बेटी और बहुओं के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। इसके अलावा लालमुनि राम के घर से भी नकदी चोरी होने की बात सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। एक ही रात में चार घरों में चोरी की इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं शादी वाले परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चिंता बेटी का तिलक और शादी संपन्न कराने की है।
