आजमगढ़ : देश की आधी आबादी के साथ विपक्ष ने किया विश्वासघात : अनिल राजभर
1 min read
जन आक्रोश महिला सम्मेलन में मंत्री अनिल राजभर ने विपक्ष पर साधा निशाना
आजमगढ़। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में प्रदेश के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। अपने संबोधन और प्रेस वार्ता के दौरान अनिल राजभर ने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों के विरोध के जरिए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने इसे विपक्ष की महिला-विरोधी मानसिकता का स्पष्ट प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा यह स्पष्ट किया है कि नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी उनका अधिकार है, कोई उपकार नहीं। जो दल इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा बने हैं, उन्हें आने वाले चुनावों में महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। राजभर ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि परिसीमन प्रक्रिया से किसी भी राज्य को नुकसान नहीं होगा, बल्कि सभी क्षेत्रों का संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर धर्म आधारित आरक्षण की असंवैधानिक मांग उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह केवल प्रक्रिया को टालने और लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नीलम सोनकर जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, मंजू सरोज, सीता चौहान, संचिता श्री चौहान, वंदना सिंह , विभा बर्नवाल, बबिता जसरासरिया, मिथिलेश पाण्डेय, अनीता पटेल मौजूद रही।
