आजमगढ़ में प्रभारी मंत्री अनिल राजभर की अध्यक्षता में समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
1 min read
विकास कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर; अधिकारियों को सख्त निर्देश
आजमगढ़। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री, उत्तर प्रदेश शासन व जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर की अध्यक्षता में सर्किट हाउस, आजमगढ़ में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने गर्मी के मद्देनजर किए जा रहे बचाव कार्यों, जारी एडवाइजरी, गेहूं खरीद की स्थिति तथा बाढ़ की पूर्व तैयारियों की जानकारी दी। बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनहित के कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, फील्ड विजिट के माध्यम से वास्तविक स्थिति का आकलन और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनसंपर्क को मजबूत करते हुए जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक विभाग परिणाम आधारित कार्यप्रणाली अपनाए और यह सुनिश्चित करे कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचे। जिन परियोजनाओं में बाधाएं आ रही हैं, उनके समाधान हेतु विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य राम सूरत राजभर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार, जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, पूर्व सांसद नीलम सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
