Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : विद्यालय निरीक्षण के दौरान शिक्षक की भूमिका में नजर आए जिलाधिकारी

1 min read

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा विकास खण्ड पल्हनी के अंतर्गत गौआश्रय स्थल तमौली, गेहूं क्रय केन्द्र/बहु उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लि0 हुसेनगंज एवं प्राथमिक विद्यालय हुसेनगंज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर बल दिया।

गौआश्रय स्थल तमौली के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां संरक्षित गोवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने पानी की उपलब्धता, भूसा, हरा चारा एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण में गौआश्रय स्थल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की तथा निरंतर इसी प्रकार देखभाल बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने गेहूं क्रय केन्द्र/बहु उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लि0 हुसेनगंज का निरीक्षण किया। यहां गेहूं के भंडारण एवं रख-रखाव की स्थिति अव्यवस्थित पाई गई। निरीक्षण के दौरान कई बोरे फटे हुए एवं अव्यवस्थित ढंग से रखे मिले, साथ ही गेहूं क्रय की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं क्रय कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गेहूं क्रय रजिस्टर का भी अवलोकन किया तथा पंजिका में अंकित कृषक आनंद कुमार एवं राकेश कुमार के खतौनी के आधार पर गेहूं विक्रय का मिलान कर जांच की।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय हुसेनगंज पहुंचे, जहां वे शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। कक्षा 04 के विद्यार्थियों से 7 गुणा 7 पूछे जाने पर बच्चों ने सही उत्तर 49 देकर अपनी तैयारी का परिचय दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर अध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से मिड डे मील की जानकारी लेते हुए भोजन की गुणवत्ता के संबंध में पूछा, जिस पर बच्चों ने बताया कि आज खिचड़ी दी गई है। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कक्षा 01 एवं 02 में जाकर बच्चों से पुस्तकें पढ़वाईं और उनकी शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक शिक्षा भी प्रदान करें, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *