Latest News

The News Complete in Website

सपा ने भाजपा सरकार को घेरा

1 min read

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के आरक्षण अधिकारों में कटौती करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। सपा नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में हुई भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था का उल्लंघन किया गया है और आरक्षित वर्ग के हजारों पद सामान्य वर्ग को दे दिए गए हैं। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जारी पीडीए आरक्षण घोटाला पुस्तक में यह उल्लेख किया गया है कि 22 विभागों में हुई 93,809 नियुक्तियों में 11,514 पदों का आरक्षण प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। सपा नेताओं ने कहा कि संविधान निर्माता बीआर अम्बेडकर द्वारा सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार उस व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों को भी उठाते हुए कहा कि सरकार रोजगार के अवसर घटा रही है तथा समूह ग और घ की नौकरियों में आउटसोर्सिंग को बढ़ावा देकर गरीबों, पिछड़ों और दलितों को नियमित रोजगार से वंचित किया जा रहा है। सपा नेताओं ने घोषणा की कि पार्टी के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आरक्षण से जुड़े मुद्दों और सरकार की नीतियों के बारे में जनता को जागरूक करेंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर फैसला करेगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *