मिल्कीपुर उपचुनाव: ‘गन पॉइंट पर गड़बड़ हो तो जो लगे निर्णय ले लेना
1 min read
अखिलेश यादव ने कार्यकतार्ओं को दी खुली छूट
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में रविवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर लोगों को संबोधित किया। कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि ‘धर्म से ज्यादा रोटी की जरूरत है। गरीब को धार्मिक बात समझाना गलत होगा’। अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव पर सरकार को घेरा। कहा कि मिल्कीपुर चुनाव में गन पॉइंट पर गड़बड़ की गई तो मैं अपने कार्यकतार्ओं से कहूंगा, उस समय जो फैसला ले सकते हैं लें। सपा मुखिया ने कहा कि इस बात को अपने मन में रखें, इंडिया गठबंधन मजबूत है और मजबूत रहेगा। जिस राज्य में भाजपा के खिलाफ जो क्षेत्रीय दल मजबूत है, उसका साथ दिया जाना चाहिए। इससे पहले सपा मुखिया ने कन्नौज में रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि, रेलवे विभाग का हादसा भाजपा के महा भ्रष्टाचार के महालालच के कारण हुआ है। उन्होंने कमीशन लेकर ठेका देने का आरोप लगाया। कहा कि ठेकेदार ठेका लेकर किसी और को ठेका दे देते हैं। बिना काम किए अपना लाभ कमाकर निकल जाते हैं। ऐसे में आधे से भी कम बचे पैसों में थर्ड क्लास जानलेवा निर्माण कार्य ही होंगे। जिनमें न तो क्वॉलिटी होगी, न ही सिक्योरिटी का ध्यान रखा जाएगा।
