Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस: 110 शिकायतें प्राप्त, 3 का मौके पर निस्तारण

1 min read

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना की अध्यक्षता में तहसील निजामाबाद के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 110 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 107 मामलों के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारण के निर्देश दिए।

प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से 78, पुलिस से 16, विकास से 9 और अन्य विभागों से 7 मामले शामिल थे। जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, विद्युत और अन्य समस्याओं से संबंधित ग्रामों में अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पैमाइश के बाद पत्थर गाड़ने पर यदि कोई उसे उखाड़ता है, तो उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। दबंग प्रवृत्ति के व्यक्तियों के खिलाफ भूमिया एक्ट और गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई करने, साथ ही उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के आदेश दिए गए। कोर्ट से स्टे वाले मामलों में अनुपालन और सरकारी जमीनों पर अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष ढंग से करने पर जोर दिया गया।

आगामी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को खंभों और तारों के आसपास झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने पत्थर उखाड़ने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पाबंद करने और अतिक्रमणकर्ताओं की हैसियत के अनुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी निजामाबाद, तहसीलदार निजामाबाद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *