आजमगढ़ : सांसद धर्मेंद्र यादव का बयान, अब्बास अंसारी की सदस्यता समाप्त किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण
1 min read
आजमगढ़। मऊ विधानसभा सीट से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पूर्व विधायक अब्बास अंसारी की विधानसभा सदस्यता समाप्त किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार में बैठे लोग निरंतर समाजवादी पार्टी के लोग, पीडीए परिवार के लोग और दलित पिछड़े और मुस्लिम समाज के जनप्रतिनिधियों पर कहां-कहां और कैसे मुकदमा कराया जाएं इसका षड्यंत्र रच रहे हैं।
उक्त बातें आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने शनिवार को सपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अब्बास अंसारी से ज्यादा हेट स्पीच भाजपा के बड़े नेता रोज दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल में गृह मंत्री अमित शाह ने जो बयान दिया वह हेट स्पीच के दायरे में आता है। आए दिन दलित पिछड़ों और मुस्लिम समाज के लोगों के खिलाफ लगातार बयान दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उप्र के दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ जो बयान दिए हैं क्या वह हेट स्पीच का मामला नहीं है ? बीजेपी के लोग लगातार पीडीए परिवार के खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। कहा कि समाजवादी पार्टी को पूरा भरोसा है कि जब यह मामला उच्च न्यायालय और ऊपर के न्यायालय में जाएगा तो हमें न्याय जरूर मिलेगा। जनता भाजपा के षड्यंत्र को समझ रही है।
अब्बास अंसारी के खिलाफ शनिवार को फैसला आता है और रविवार को छुट्टी के दिन विधानसभा सचिवालय को खोला जाता है और सदस्यता रद्द कर दी जाती है। भाजपा के लोग लगातार हेट स्पीच कर रहे हैं। मीडिया दिखाए या ना दिखाए पुलिस सत्ता के दबाव में कार्रवाई ना करें लेकिन लोग देख रहे हैं। मैं विधानसभा अध्यक्ष से कहूंगा कि कुछ परंपराएं हैं जिसे बचाया जाए।
कुछ ऐसा करो कि इतिहास में अच्छा नाम लिखा जाए। मऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि प्रत्याशी कौन होगा इसका फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष जी करेंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव में मऊ सदर सीट से सपा प्रत्याशी राजीव राय को सबसे बड़ी 66000 मतों की लीड मिली थी। मऊ की जनता विधानसभा उपचुनाव में भी फैसला सपा के पक्ष में करेगी।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर तंज कसते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव में ओमप्रकाश जी की पार्टी अकेले चुनाव लड़े वह ताकतवर नेता हैं, उन्हें सपा और भाजपा की जरूरत नहीं है। एक समय में बाबा जी को घंटा दे रहे थे आज साथ में है। ओमप्रकाश जी कब क्या करेंगे उन्हें खुद नहीं पता।
