आजमगढ़: नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दो गिरफ्तार
1 min readआजमगढ़ : थाना रौनापार पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों, दीपक पांचाल (23 वर्ष) और शिल्पा यादव (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर भैसाड़ पुलिया, थाना रौनापार क्षेत्र से दोपहर 12:45 बजे की गई।
23 फरवरी 2025 को पीड़िता की मां ने थाना रौनापार में शिकायत दर्ज की थी कि उनकी नाबालिग बेटी को सुशीला, सुधा, शिल्पा और शैलेश यादव (सभी अजगरा मसर्की, रौनापार, आजमगढ़ के निवासी) ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और एक महीने तक अज्ञात स्थान पर रखा। इस दौरान शैलेश यादव ने कथित तौर पर पीड़िता के साथ बलात्कार किया। बाद में, पीड़िता को दीपक पांचाल (खेरी करमू, शामली) के घर पहुंचाया गया, जहां दीपक ने यह कहते हुए दुष्कर्म किया कि उसने पीड़िता को पैसे देकर खरीदा है। दीपक और उसके पिता राजवीर ने पीड़िता को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी।
इस शिकायत के आधार पर थाना रौनापार में मुकदमा संख्या 275/2025 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 123, 137(2), 127(2), 64, 352, 351(3), 61(2) बीएनएस और 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। जांच के दौरान पीड़िता की बरामदगी, बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा 87/143 बीएनएस और 5(ठ)/6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई, जबकि धारा 3/4(2) पॉक्सो एक्ट हटा दी गई।
मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष मंतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दीपक पांचाल (खेरी करमू, शामली) और शिल्पा यादव (भैसाड़, रौनापार) को भैसाड़ पुलिया से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार पुलिस टीम में कांस्टेबल विकास कुमार, अमरनाथ शर्मा और महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह शामिल थे।
