आजमगढ़ : आम के पेड़ पर गमछे के सहारे फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या
1 min read
आजमगढ़। जनपद के सगड़ी थाना क्षेत्र के रौनापार अंतर्गत कांखभार ग्राम पंचायत के भोजपुर गांव में एक 25 वर्षीय युवक पिंटू यादव ने घर से महज 100 मीटर दूर आम के पेड़ पर गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची दाम महुला पुलिस चौकी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार शाम धान की कुटाई के बाद पिंटू यादव ने बाजार से मछली लाकर पत्नी सरिता के साथ खाना बनाया और दोनों ने साथ मिलकर भोजन किया। रात करीब 12 बजे पिंटू ने पत्नी से कहा कि उनका पेट खराब हो रहा है और वे शौच के लिए जा रहे हैं। इसके बाद वे घर लौटकर नहीं आए। पत्नी ने सोचा कि शायद किसी काम से कहीं चले गए होंगे और सो गईं। सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए गए ग्रामीणों ने घर से पश्चिम दिशा में 100 मीटर दूर आम के पेड़ पर पिंटू का शव लटकता देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर परिजन पहुंचे और रोते-बिलखते विलाप करने लगे। पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक पिंटू यादव अपने पिता मुन्नीलाल यादव से काफी समय से अलग रह रहा था। वह तीन बहनों में सबसे छोटा और परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी दो छोटी बेटियां हैं—एक तीन साल की और दूसरी मात्र तीन महीने की। पिंटू मकान की शटरिंग का काम करता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण चलाता था। ग्रामीणों के अनुसार, उसका किसी से कोई विवाद नहीं था, न ही कोई लेन-देन का मामला। परिवार आर्थिक रूप से संपन्न था और अच्छी खेती भी थी। फिर भी उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। परिजनों को भी समझ नहीं आ रहा कि किन परिस्थितियों ने उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया। दाम महुला पुलिस चौकी प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुबह घटना की जानकारी फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और सभी लोग स्तब्ध थे।
