Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : गैंगेस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

1 min read

आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं लोक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना मेंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर संगठित अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार फरवरी को प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण एवं वांछित/संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान सिंहपुर बाजार क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि सोनू उर्फ जावेद पुत्र जहीर, निवासी फत्तेपुर, थाना मेंहनगर, एक संगठित आपराधिक गिरोह का सरगना है, जो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से बिहार प्रान्त ले जाकर वध हेतु तस्करी करता है और इससे आर्थिक व भौतिक लाभ अर्जित करता है। पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त गिरोह में धर्मेन्द्र गुप्ता उर्फ बेचू, बुद्धु उर्फ फैजान, पप्पू उर्फ अली अहमद, आरिफ एवं राजकुमार शामिल हैं। गिरोह की गतिविधियों से विशेष वर्ग की भावनाएं आहत होती हैं तथा क्षेत्र में भय एवं आतंक का वातावरण बना रहता है, जिसके कारण लोग इनके विरुद्ध अभियोग दर्ज कराने से भी कतराते हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार थाना मेंहनगर क्षेत्र के ग्राम शिवरामपुर से 11 मार्च 2024 को एक अशोक लीलैण्ड पिकअप वाहन से गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाते हुए बरामद किया गया था, जिसके संबंध में मु0अ0सं0 84/24 धारा 3/5अ/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता अधिनियम एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इसी प्रकार दिनांक 22 मार्च 2024 को मु0अ0सं0 100/24 के तहत एक अन्य मामला भी दर्ज किया गया था। दोनों मामलों में विवेचना पूर्ण कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किए जा चुके हैं। गिरोह की लगातार आपराधिक गतिविधियों से लोक व्यवस्था प्रभावित होने के दृष्टिगत पुलिस द्वारा गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ से अनुमोदन प्राप्त किया गया। इसके उपरान्त मु0अ0सं0 39/2026 धारा 2(ख)(17), 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसी क्रम में सोमवार को मुखबिर खास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियुक्त धर्मेन्द्र गुप्ता उर्फ बेचू पुत्र दीपचन्द गुप्ता, निवासी सरायभादी, थाना तरवाँ, को उटनी मोड़ गोपालपुर से अपराह्न 1 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *