आजमगढ़ : चोरी की बाइक संग दो गिरफ्तार, एक फरार
1 min read
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉइड मोबाइल और नकदी के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में दबिश दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष रानी की सराय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शुक्रवार को लगभग 12:05 बजे ग्राम सेमरहां अंडरपास के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सुपर स्प्लेंडर (ब्लैक एंड व्हाइट) मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार के कारण मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दो युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तीसरा युवक आसपास एकत्र भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आजाद कुमार (26) निवासी असाउर थाना मुबारकपुर, तथा गोलू यादव निवासी टडवा जरगर थाना मोहम्मदाबाद, जनपद मऊ के रूप में हुई है। फरार अभियुक्त की पहचान आकाश कुमार निवासी मस्तवनीया अझौली थाना मुबारकपुर, के रूप में की गई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन (ओप्पो व पोको) तथा 460 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में मोटरसाइकिल के चोरी की होने की पुष्टि हुई है। बरामद मोबाइल फोनों के संबंध में भी जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना रानी की सराय में मु0अ0सं0 39/2026 के तहत धारा 338/336(3)/340(2)/319(2)/317(2) बीएनएस व 35 इठरर के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
