आजमगढ़ : गन्ना लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवती की हुई मौत
1 min read

आजमगढ़। जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज-बिलरियागंज मार्ग पर स्थित बासथान मोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभा पुत्री शिवबचन अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से बिलरियागंज से महाराजगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवती असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतका के चचेरे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। कोतवाली प्रभारी केदार नाथ मौर्या ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
