Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : जेल में बंद हत्यारोपी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगा किया हंगामा

1 min read

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी 36 वर्षीय उग्रसेन सिंह, जो हत्या के आरोप में जिला जेल में निरुद्ध था, की रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए और जेल प्रशासन पर लापरवाही व हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। जेलर आनंद कुमार शुक्ला के अनुसार, उग्रसेन सिंह सुबह तक सामान्य था और उसने नियमित रूप से भोजन भी किया था। शाम के समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और ब्लड प्रेशर काफी नीचे चला गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे पहले जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन प्रयासों के बावजूद देर शाम उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने जेल पुलिस पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स पहुंच गई है। जेल प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक स्वास्थ्य खराब होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों के आरोपों को देखते हुए मामले की जांच की बात कही जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस और जेल प्रशासन ने कहा है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *