आज़मगढ़ : 25 हजार का इनामिया अभियुक्त अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार, अवैध असलहा व कारतूस बरामद, कई जनपदों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
1 min read

आजमगढ़। थाना जीयनपुर पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में गौवंश चोरी के मामले में फरार चल रहा था और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 4 जनवरी 2026 को ग्राम पारनकुण्डा स्थित गौशाला से गोवंश चोरी की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। मौके से चार जीवित पशु बरामद हुए थे, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना जीयनपुर में मु0अ0सं0 11/2026 के तहत गौ हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा बीएनएस की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इसी मामले में प्रकाश में आए वांछित/इनामिया अभियुक्त दिव्य प्रकाश सिंह उर्फ आकाश सिंह पुत्र दशरथ सिंह निवासी रक्सा, थाना पकड़ी, जनपद बलिया की तलाश की जा रही थी। दिनांक 21 फरवरी 2026 को निरीक्षक राजकुमार सिंह व पुलिस टीम को सूचना मिली कि अभियुक्त जमीन मेघई नरैना नहर पुलिया के पास वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 9:15 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अदद नाजायज तमंचा .315 बोर तथा एक जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना जीयनपुर में मु0अ0सं0 88/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़, बलिया व मऊ जनपदों में गौ हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजय यादव, उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा सहित थाना जीयनपुर की पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
