आजमगढ़ : शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
1 min read

आजमगढ़। जनपद के मेहनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में वांछित युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में थाना मेहनगर पर मुकदमा संख्या 54/26 धारा 69, 352 व 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। आरोप है कि अभियुक्त ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर उसे गाली-गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। थाना मेहनगर के उपनिरीक्षक आदिल खाँ अपने हमराह कांस्टेबल सोनू यादव व कांस्टेबल अजय राय के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को लगभग 12:25 बजे अक्षैबर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साजन सरोज (24) पुत्र दयाराम सरोज निवासी ग्राम गौरा, थाना मेहनगर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
