आजमगढ़ में अखिलेश ने कहा सिर्फ रमजान में दिखते हैं सपा सांसद, होली, दीपावली में हो जाते हैं गायब
1 min read

आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा गुड्डू ने शुक्रवार को मुंडा स्थित अपने आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश मिश्रा गुड्डू ने कहा कि असत्य पर सत्य की विजय का यह पर्व हर वर्ष पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता, प्रेम और समृद्धि लेकर आता है। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं और समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। इस दौरान अखिलेश मिश्रा गुड्डू ने सपा सांसद धर्मेंद्र यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल रमजान और ईद के अवसर पर दिखाई देते हैं, जबकि होली और दीपावली जैसे त्योहारों में नजर नहीं आते। कार्यक्रम में कई स्थानीय भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने मिलकर होली पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
