आजमगढ़ के मार्टिनगंज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 180 जोड़ों का विवाह संपन्न
1 min read

190 जोड़ों का हुआ था पंजीकरण, पूर्व सांसद नीलम सोनकर सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
आजमगढ़। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को जनपद आजमगढ़ के विकास खंड परिसर मार्टिनगंज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ठेकमा, अहिरौला, फूलपुर, पवई, मार्टिनगंज सहित कुल पांच विकास खंडों और एक नगर पंचायत क्षेत्र के जोड़ों ने भाग लिया। कुल 190 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 180 जोड़ों का वैवाहिक संस्कार विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद लालगंज नीलम सोनकर, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि सौरभ सिंह “बीनू” और नगर पंचायत मार्टिनगंज की अध्यक्ष अपूर्वा सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह महत्वपूर्ण योजना गरीब परिवारों के लिए बहुत सहायक सिद्ध हो रही है। अब किसी भी गरीब परिवार की बेटी की शादी आर्थिक अभाव के कारण नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सरकार प्रति विवाह लगभग एक लाख रुपये खर्च करती है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते हैं, करीब 25 हजार रुपये के घरेलू उपयोग के 26 सामान दिए जाते हैं और 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। पूर्व सांसद नीलम सोनकर ने कहा कि अब समाज में बेटी होना गर्व की बात है। सरकार ने जन्म से लेकर शिक्षा और विवाह तक बेटियों के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना भी उन्हीं योजनाओं में से एक है, जिसमें नकद सहायता के साथ आवश्यक गृहस्थी का सामान भी उपलब्ध कराया जाता है। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी मार्टिनगंज इद्रीश अली, खंड विकास अधिकारी ठेकमा मनोज कुमार श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी सहित गौरव यादव, वीरेंद्र यादव, मुकेश यादव, नवनीत यादव, पारसनाथ, सुधांशु मिश्र तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
