देवर-भाभी समेत तीन के मिले शव: पहले की पार्टी, फिर मौत को लगा लिया गले, खेत की झुकी फसल दे रही दूसरा संकेत
1 min read

खुर्जा (बुलंदशहर)। मौत की भयावह घटना के पहले देवी सरकार, सरल और बच्ची ने पार्टी की थी। पुलिस को घटनास्थल से चिप्स के पैकेट, कोल्डड्रिंक, पराठे और पानी की बोतल मिली है। फोरेंसिक टीम को सरल सरकार की जेब से 6,120 रुपये मिले हैं। इससे ऐसा लग रहा है कि आर्थिक तंगी जैसा मामला नहीं था। ऐसे में एक साथ आत्महत्या करने का क्या कारण रहा, यह सोचकर पुलिस अधिकारी भी उलझ रहे हैं। नेहरूपुर गांव निवासी राजेश ने बताया कि एक साथ तीन शवों को देख होश उड़ गए थे, जिसके बाद गांव के अन्य लोग भी आ गए थे। रेलवे लाइन होने के कारण गांव के लोग किनारे पर कम ही जाते हैं, लेकिन बच्ची, युवक व महिला का एक साथ शव देख रूह कांप गई थी। वहीं सीओ शोभित कुमार ने बताया कि मौके पर खाने-पीने की कई चीजें मिलीं। वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच के लिए चार घेरे बनाए। एक घेरे में पेड़, तीनों शव, दो जोड़ी चप्पलें, तौलिया, थैला व टूटा हुआ मोबाइल था। दूसरे घेरे में 20 रुपये वाले चिप्स के चार पैकेट, जिसमें एक खुला व तीन बंद, खुली हुई दो लीटर की बोतल में पानी और खुली हुई 20 रुपये की एक फ्रूटी की बोतल थी।
तीसरे घेरे में चप्पल, चिप्स, पॉलीथिन में बंद पराठा, सेब और दो प्लास्टिक के कट्टे मिले। इससे लग रहा था कि तीनों लोगों ने पहले पार्टी की थी। इसके बाद आत्महत्या की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी भी एक साथ तीन लोगों के शव देखकर सकते में आ गए। बच्ची का शव देखकर पुलिस अधिकारियों का भी दिल पसीज गया। सुबह करीब आठ बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। 11 बजे तक दो थानों की पुलिस टीमें मृतकों की शिनाख्त में जुटी रहीं। पुलिस को घटनास्थल पर एक थैला मिला, जिस पर बंगाली भाषा लिखी थी और पश्चिम बंगाल का पता था। पुलिस ने इसी के आधार पर नेहरूपुर की पॉटरी इकाइयों में काम करने वाले पश्चिम बंगाल के मजदूरों को मृतक की फोटो भेजी। इसके बाद सरल सरकार की पहचान हो गई। जानकारी मिली कि वह अविवाहित था। पुलिस ने अन्य मजदूरों से पूछताछ कर महिला की शिनाख्त कराई।
फोरेंसिक टीम ने चौथा घेरा खेत की ओर बनाया। वहां पर गेंहू की फसल सीधी खड़ी थी, लेकिन किनारे पर चार फुट हिस्से की फसल नीचे झुकी थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जैसे किसी भारी वस्तु से फसल दबी हो या कोई व्यक्ति वहां पर बैठा रहा हो। वहीं पर देवी सरकार का मोबाइल और एक ईयरफोन भी मिला। संभवत: वहां पर देवी सरकार या सरल आराम कर रहे थे। दोनों की मौत का समय अलग है। पेड़ की एक टहनी पर रस्सी के फंदे से देवी सरकार का शव लटका हुआ था। वहीं छह इंच नीचे दूसरी टहनी पर देवी सरकार का दुपट्टा बंधा हुआ था। पुलिस आशंका जता रही है कि देवी सरकार ने पहले दुपट्टे से फंदा लगाने का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर रस्सी से खुदकुशी की। लेकिन यदि दुपट्टे से ही खुदकुशी करनी थी तो रस्सी को कौन लेकर आया था। यदि रस्सी खुदकुशी के लिए लाई गई थी तो दुपट्टा क्यों बांधा गया।
