आजमगढ़: रेस्टोरेंट में बुलाकर युवती को जहर देने का आरोप, अभियुक्त गिरफ्तार
1 min read

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवक ने युवती को रेस्टोरेंट में बुलाकर उसके साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट की, तथा विरोध करने पर उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, वादी की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया, जिसमें बताया गया कि आरोपी युवक पूर्व से ही पीड़िता को परेशान कर रहा था। 19 मार्च 2026 को उसने एक परिचित के माध्यम से युवती को शहर के एक रेस्टोरेंट में बुलाया। वहां कथित रूप से उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति में रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 112/2026, धारा 105/123 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल चौहान (25) को 20 मार्च को प्राइवेट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह युवती को पहले से जानता था और आपसी विवाद के दौरान मारपीट हुई। उसका कहना है कि इसी दौरान युवती ने स्वयं जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। घटना के बाद वह घबराकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
