आजमगढ़ में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए ताइक्वांडो बेल्ट प्रमोशन टेस्ट आयोजित
1 min read

आजमगढ़: पुलिस लाइन आजमगढ़ में पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए ताइक्वांडो कलर बेल्ट प्रमोशन टेस्ट का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को बढ़ावा देना तथा उनमें अनुशासन और आत्मरक्षा की भावना विकसित करना रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस परिवार के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ताइक्वांडो प्रशिक्षण भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें 50 से अधिक बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। ताइक्वांडो प्रशिक्षण आरक्षी सुनील कुमार सिन्दे द्वारा दिया जा रहा है, जो ब्लैक बेल्ट सेकेंड डान और साउथ कोरिया के इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए 22 मार्च को पुलिस लाइन परिसर में बेल्ट प्रमोशन टेस्ट आयोजित किया गया। यह टेस्ट उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक अरविंद यादव (ब्लैक बेल्ट, थर्ड डान) ने प्रतिभागियों के तकनीकी कौशल, अनुशासन और प्रदर्शन का मूल्यांकन किया तथा योग्य बच्चों को बेल्ट प्रमोशन प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाती हैं।
