आजमगढ़ में 33 लाख की जमीन ठगी का खुलासा, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
1 min read

आजमगढ़। जिले में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर की गई बड़े पैमाने की ठगी का पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज और कूटरचना के जरिए करीब 33.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले का मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, मधुबन कन्धरापुर निवासी रूद्रान्श राय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृष्ण चन्द्र राय और उसके सहयोगियों ने कोडर अजमतपुर स्थित भूमि को असली बताकर फर्जी नक्शा और दस्तावेज दिखाए। आरोपियों ने किस्तों में भुगतान का झांसा देकर उससे कुल 33.30 लाख रुपये ले लिए। बाद में जांच में पता चला कि दिखाई गई जमीन का बड़ा हिस्सा बंजर और असंबंधित गाटा संख्या का था। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कही। इस मामले में कोतवाली थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 23 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर बाग लखराव पुलिया के पास से पांच आरोपियों जितेन्द्र कुमार, अभय कुमार, विजय कुमार, महेन्द्र कुमार और दीपक—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ठगी की रकम उनके खातों में आई थी, जिसे निकालकर मुख्य आरोपी और उसके परिवार के साथ बांट लिया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी कृष्ण चन्द्र राय को 8 मार्च 2026 को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
