इंस्टाग्राम सुसाइड अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई कर युवती की जान बचाने वाले उ0नि0 जावेद सिद्दिकी को किया गया सम्मानित
1 min read
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर आए सुसाइड अलर्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ पुलिस ने एक युवती की जान बचाकर सराहनीय उदाहरण पेश किया है। इस बहादुरी और संवेदनशीलता भरे कार्य के लिए थाना सिधारी के उपनिरीक्षक जावेद सिद्दिकी को सम्मानित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल 2026 को थाना सिधारी क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती ने मानसिक तनाव के चलते इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट किया था। इस पर मेटा कंपनी की ओर से प्राप्त अलर्ट के आधार पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने महज 8 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर बेहोश अवस्था में मिली युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। उपचार के बाद पुलिस द्वारा युवती की काउंसलिंग भी कराई गई। युवती ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया, वहीं परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य के लिए 07 अप्रैल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कार्यालय में उपनिरीक्षक जावेद सिद्दिकी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया से प्राप्त ऐसे संवेदनशील अलर्ट पर आजमगढ़ पुलिस तत्परता से कार्रवाई कर मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
