डिप्टी सीएम ने आजमगढ़ में पीएचसी कोइनहां का किया निरीक्षण, सपा पर जमकर साधा निशाना
1 min read
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, नगर विकास मंत्री एके शर्मा, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव का बृहस्पतिवार को निजामाबाद तहसील के बड़सरा खालसा में आगमन हुआ। इस दौरान डिप्टी सीएम ने एमएलसी विजय बहादुर पाठक के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद पीएचसी कोइनहां का निरीक्षण किया और लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
दोपहर 12 बजे के करीब डिप्टी सीएम का हेलीकाप्टर बड़सरा खालसा स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां से वह सीधे एमएलसी विजय बहादुर पाठक के घर पहुंचे। जहां अन्य मंत्रियों के साथ उन्होंने विजय बहादुर पाठक के पिता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त किया। कुछ देर वहां रुकने के बाद डिप्टी सीएम बृजेश पाठक कोइनहां पीएचसी पहुंचे। जहां उन्होंने पीएचसी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पीएचसी में मौजूद मरीजों से बात कर स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सीएमओ को अस्पताल की व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
इस दौरान डिप्टी सीएमओ ने कहा कि सपा के शासन काल में आजमगढ़ में लूट, हत्या और दुष्कर्म चरम सीमा पर था। जबसे प्रदेश में महाराज जी की सरकार आई है अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। समाजवादी पार्टी को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि अपने समय में वह लूट, हत्या और बलात्कार पर लगाम नहीं लगा पाए।
पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में है, कोर्ट का जो फैसला आएगा उसके अनुसार कार्य किया जाएगा। जिला अस्पताल में बुजुर्ग महिला और उसके बेटे के साथ हुई मारपीट की घटना पर सवाल पूछने पर डिप्टी सीएम बिना कुछ बोले की निकल गए।
