Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से ऑटो चकनाचूर, मां-बेटे की मौत, कई घायल

1 min read

आजमगढ़। जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर डीपीएस स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक में जा घुसा। जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के मीरापुर बसही गांव निवासी रमेश प्रसाद के परिजन ऑटो (नंबर UP65JT7743) से आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चेवार पूरब गांव के पास तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी टिकरगाढ़ (लालगंज) पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 30 वर्षीय सुस्मिता और उसके 4 वर्षीय बेटे कल्लू की मौत हो गई। अन्य घायलों में सुख्खा देवी, सुशीला, परी और जय शामिल हैं, जिनका इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुल्तान खान को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *