आजमगढ़: राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने की जनसुनवाई, 30 प्रकरणों में 12 का त्वरित निस्तारण
1 min read
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने आज जनपद आजमगढ़ के पुलिस लाइन सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान कुल 30 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें घरेलू हिंसा, छेड़खानी, जमीनी विवाद, गुमशुदगी और साइबर क्राइम से संबंधित मामले शामिल थे। डॉ. मौर्या ने 12 प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया और पीड़ित महिलाओं को आश्वस्त किया कि वे न डरें, क्योंकि आयोग उनके साथ है। उन्होंने महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनने का आह्वान किया।
जनसुनवाई में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त अज्ञात महिला/बालिका की समस्या पर विशेष ध्यान दिया गया, जो पिछले 10 दिनों से सखी वन स्टॉप सेंटर, आजमगढ़ में रह रही थी। डॉ. मौर्या के निर्देश पर जिला चिकित्सालय सदर से मानसिक रोग विशेषज्ञ को बुलाकर उसका तत्काल उपचार कराया गया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डी.सी. त्रिपाठी ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और वन स्टॉप सेंटर के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया।
जनसुनवाई में क्षेत्राधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड और वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी उपस्थित रहे।
